44 डिग्री सेल्सियस पंहुचा छत्तीसगढ़ का तापमान, सबसे ज्यादा गर्म रहा रायगढ़,सरगुजा और बिलासपुर संभागों में लू की नौबत



ये ददा अतके गरमही 

44 डिग्री सेल्सियस पंहुचा 

अप्रैल का पहला आधा हिस्सा बीतते ही पारा 44 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। मंगलवार को रायगढ़ में सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। यहां पारा 44 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।

 बिलासपुर में अधिकतम तापमान 43.9 और रायपुर में 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। यह पिछले के मुकाबले तीन से चार डिग्री अधिक है।

मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और सरगुजा संभागों में तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं आया है। सोमवार की तुलना में यह अधिक गर्म हुआ है।

 राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री, दुर्ग में 42.2 डिग्री और पेण्ड्रा रोड में 42 डिग्री दर्ज किया गया है। यह सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक अधिक है। इसकी वजह से सरगुजा और बिलासपुर संभाग के कुछ हिस्सो में लू जैसी स्थित रही है।

 पानी गिरने की संभावना कल बस्तर संभाग में 

मौसम विभाग की अनुमान है कि 20 अप्रैल को सरगुजा संभाग, बिलासपुर संभाग और दुर्ग संभाग के उत्तरी हिस्से यानी राजनांदगांव, दुर्ग, कबीरधाम और बेमेतरा में लू चल सकती है। 20 अप्रैल को इन चार संभागों में बड़ा परिवर्तन की संभावना नहीं है।

 वहीं बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर अंधड़ के साथ हल्की बरसात हो सकती है। आकाशीय बिजली और ओले गिरने की भी संभावना बन रही है।

 बरसात हुई बस्तर की कुछ जगहों में 

मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर हल्की बरसात दर्ज हुई है। बस्तानार में 4 और गीदम में एक मिलीमीटर बरसात मापी गई है। कुछ अन्य स्थानों पर भी बरसात दर्ज हुई।

 मौसम विभाग ने मंगलवार रात 9.30 बजे तक कांकेर, कोण्डागांव, नारायणपुर, बस्तर और उससे लगे जिलों में गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने की संभावना जताई है।

 सामान्य रहा तापमान बस्तर का 

बंगाल की खाड़ी से आ रही अपेक्षाकृत ठंडी हवाओं और बरसात का असर दक्षिण छत्तीसगढ़ के तापमान पर भी पड़ा है। मंगलवार को जगदलपुर का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से केवल एक डिग्री सेल्सियस अधिक है।

 हालांकि हवा ठंडी होने की वजह से इसका प्रभाव कम दिखा। बीजापुर में 40.6, दंतेवाड़ा में 41, नारायणपुर में 39.7 और कांकेर में अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url