छ.ग. के बस्तर जिले में स्वास्थ्यकर्मी टीका लगाने पहुंच रहे शहर, गांव के घर और खेतों तक, 586 वैक्सीनेशन सेंटर बनाए

 






छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में बुधवार को एक लाख लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाने स्वास्थ्य अमला जुटा हुआ है। वैक्सीन लगाने सुबह से ही गांव से लेकर शहर और बाजार से लेकर घर तक स्वास्थकर्मी पहुंच रहे हैं। साथ ही बस्तर जिले में कुल 586 वैक्सीनेशन सेंटर बनाए गए हैं, 

जहां आज सुबह से ही स्वास्थ्य कर्मी लोगों का टीकाकरण करने जुटे हुए हैं। जिला प्रशासन की माने तो वैक्सीन लगाने लोगों में भी उत्साह देखने को मिल रहा है। 3 अगस्त की शाम तक एक लाख लोगों को कोरोना का टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है।


प्रिकॉशन डोज के लिए पात्र सभी लोगों को वैक्सीन लगवाने अपील की

स्वास्थ विभाग के अफसरों ने बताया कि, 18 साल से अधिक उम्र के ऐसे समस्त नागरिक जिन्होंने कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज उपरांत 6 माह की अवधि पूर्ण कर ली है, वे नागरिक कोविड वैक्सीन की प्रिकॉशन डोज के लिए पात्र होंगे। 

स्वास्थ विभाग ने 18 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों से कोरोना की वैक्सीन लगवाने अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि, कोविड वैक्सीनेशन की इस मुहिम में लोग बढ़ चढ़ कर हिस्सा लें। साथ ही बीमारी से खुद को और अपने परिवार को बचाएं।


टीकाकरण केंद्र का जायजा लिया कलेक्टर ने 

कलेक्टर चंदन कुमार जिले के आड़ावाल, बाबू सेमरा, गरावंड कला, तुरेनार स्थित टीकाकरण केंद्र पहुंचे। उन्होंने यहां व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही टीकाकरण दल तथा ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने कोरोना से सुरक्षा के लिए टीकाकरण को आवश्यक बताते हुए अन्य ग्रामीणों को भी प्रेरित करने की अपील की। कलेक्टर ने टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरूक भी किया।


स्वास्थ्यकर्मी टीका लगाने पहुंच रहे खेतों तक

बस्तर में अच्छी बारिश के साथ खेती-किसानी का काम जोरों पर है। बस्तर जिला प्रशासन ने कोरोना से सुरक्षा के लिए टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। खेतों में ग्रामीणों की मौजूदगी को देखते हुए स्वास्थ्यकर्मी टीका लगाने के लिए सीधे खेतों तक भी पहुंच रहे हैं। इस दौरान रास्ते में, खेतों की ओर जाने वाले ग्रामीणों को भी टीका लगाया जा रहा है। 

उनसे जानकारी भी एकत्रित की जा रही है। हालांकि अब तक कितने लोगों को टीका लगाया गया है विभाग ने इस संबंध में जानकारी नहीं दी है। अधिकारियों ने कहा कि सारे केंद्रों से आंकड़ा मंगवाया गया है। इसके बाद ही जानकारी दे पाएंगे।

Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url